
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज बिहार पहुंचे। दौरे की शुरुआत उन्होंने दरभंगा जिले से की, जहां उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास का दौरा किया। हालांकि जिला प्रशासन से उन्हें इस कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं मिली थी, इसके बावजूद राहुल गांधी छात्रावास पहुंचे। प्रशासनिक रोक के चलते वे छात्रों से सीधे संवाद नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने मंच से छात्रों को संबोधित जरूर किया।
अपने संक्षिप्त संबोधन के बाद राहुल गांधी पटना लौट आए। राजधानी में उन्होंने सिटी सेंटर मॉल स्थित INOX थियेटर का रुख किया, जहां वे सामाजिक न्याय के अग्रदूत माने जाने वाले महात्मा ज्योतिबा फुले के जीवन पर आधारित फिल्म ‘फुले’ देखने पहुंचे। जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी यह फिल्म करीब 400 लोगों के साथ देख रहे हैं। इस विशेष शो के लिए 2:20 से 5:20 बजे तक का समय निर्धारित था, जिसमें 400 टिकट पहले ही बुक कर लिए गए थे।
फिल्म के इस विशेष शो को लेकर कांग्रेस की ओर से खास इंतजाम किए गए थे। दर्शकों को दिए गए पास पर राहुल गांधी की तस्वीर के साथ उन्हें ‘सामाजिक न्याय का नायक’ बताया गया था। साथ ही पास पर बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम की तस्वीर भी छपी थी। बताया जा रहा है कि फिल्म देखने के लिए कुछ ही चुने हुए नेताओं को अनुमति मिली, जबकि राज्य के कई जिलों से आए सामाजिक कार्यकर्ता भी थियेटर में मौजूद थे।
हालांकि, इस कार्यक्रम के दौरान थियेटर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल मचाया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि उन्हें पास दिए जाने के बावजूद INOX थियेटर में एंट्री नहीं दी गई। इससे नाराज होकर उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस को भी मौके पर तैनात किया गया ताकि स्थिति नियंत्रण में रखी जा सके।
वीर शहीद रामबाबू का पार्थिव शरीर लाया गया पटना, तेजस्वी यादव नम आंखों से दी श्रद्धांजलि
फिल्म ‘फुले’ महात्मा ज्योतिबा फुले के जीवन और उनके सामाजिक सुधारों पर आधारित है। राहुल गांधी का यह कदम उनके ‘भारत जोड़ो’ अभियान की उस सोच से जुड़ा माना जा रहा है जिसमें वे सामाजिक न्याय, समानता और दलित-वंचित वर्ग के अधिकारों को लेकर मुखर रहते हैं।
इस पूरी गतिविधि को लेकर कांग्रेस ने इसे सामाजिक चेतना से जोड़ते हुए एक नया राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है। वहीं, थियेटर के बाहर हुए बवाल ने कार्यक्रम को थोड़ी देर के लिए राजनीतिक विवाद में भी बदल दिया।
हमारे न्यूज़ चैनल से जुड़ने के लिए हमे सोशल मीडिया पर फॉलो करे :
Facebook :- https://www.facebook.com/avinationnews
Youtube :- https://www.youtube.com/@Avinationnews
Instagram :- https://www.instagram.com/avinationnews