
पटना: भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिवेशन भवन में ‘डॉ. अम्बेडकर समग्र सेवा अभियान’ का औपचारिक शुभारंभ किया। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया, साथ ही 600 लाभुकों को एकमुश्त राशि का अंतरण किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘जनजागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर सभी 38 जिलों के लिए रवाना किया। यह रथ अभियान से जुड़ी योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं समुदाय के अंतिम छोर तक पहुंचाने में मदद करेगा। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ते हुए प्रतीकात्मक रूप से चेक और नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। इनमें सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के तहत चंदन कुमार एवं अभिषेक कुमार को ₹50,000, विकास मित्र के रूप में विद्यासागर मांझी को नियुक्ति पत्र, उद्यमी योजना के तहत करण कुमार को ₹5.5 लाख और राकेश कुमार को ₹8 लाख की स्वीकृति राशि प्रदान की गई। आयुष्मान भारत योजना के तहत श्री तारेंद्र कुमार को स्वास्थ्य बीमा कार्ड तथा अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत पवन कुमार एवं चंदन कुमार को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
हर टोला, हर सेवा: समग्र सेवा शिविरों से 22 योजनाएं पहुंचेंगी लाभार्थियों तक
डॉ. अम्बेडकर समग्र सेवा अभियान का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदायों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है। इस अभियान के अंतर्गत राज्य भर के 60,000 से अधिक टोलों में विशेष विकास शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली, उज्ज्वला योजना, शिक्षा, पोषण, आधार कार्ड, स्वरोजगार, आयुष्मान भारत, आवास, पेंशन योजनाएं, नल का जल, गली-नाली योजना, मनरेगा, बैंकिंग, बीमा और शौचालय जैसी 22 प्रमुख योजनाएं सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचेंगी।
प्रत्येक प्रखंड की आधी पंचायतों में बुधवार और शेष में शनिवार को शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस कार्य को तब तक जारी रखा जाएगा जब तक सभी टोलों को योजनाओं के दायरे में नहीं लाया जाता। प्रथम शिविर 14 अप्रैल को सभी जिलों में लगाए गए हैं। इस अभियान का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त की देखरेख में किया जाएगा। पंचायत सचिव एवं विकास मित्र शिविरों का संचालन करेंगे, जबकि जिला पदाधिकारी अनुश्रवण की जिम्मेदारी संभालेंगे।
मुख्य सचिव के स्तर से सभी संबंधित विभागाध्यक्षों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं ताकि अभियान के क्रियान्वयन में कोई चूक न हो। प्रत्येक शिविर के संचालन के लिए प्रखंड स्तरीय पर्यवेक्षी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान “सरकार आपके द्वार – हर टोला, हर परिवार, हर सेवा” की अवधारणा को साकार करता है। इसका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र लाभार्थी बिना किसी रुकावट के सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हों।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग की ओर से प्रतीक चिह्न और पौधा भेंटकर स्वागत किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री ने विभाग की योजनाओं पर आधारित पुस्तक का भी विमोचन किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, कल्याण मंत्री जनक राम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी जिलों के जिलाधिकारी, लाभार्थीगण और गणमान्य व्यक्ति वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।
CM फेस और सीट बंटवारे को लेकर 17 अप्रैल को पटना में महागठबंधन का मंथन
हमारे न्यूज़ चैनल से जुड़ने के लिए हमे सोशल मीडिया पर फॉलो करे :
Facebook :- https://www.facebook.com/avinationnews
Youtube :- https://www.youtube.com/@Avinationnews
Instagram :- https://www.instagram.com/avinationnews