
पटना : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने तैयारियों की रफ्तार बढ़ा दी है। गुरुवार को पटना में पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनावी रणनीति, सामाजिक न्याय और संगठनात्मक मजबूती जैसे मुद्दों पर गहन मंथन हुआ। इस बैठक में पार्टी के बिहार प्रभारी और जमुई से सांसद अरुण भारती द्वारा प्रस्तुत पांच सूत्रीय प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
यह बैठक हाल ही में शाहाबाद क्षेत्र में आयोजित नव संकल्प महासभा के बाद बुलाई गई थी, जिसे पार्टी के शक्ति प्रदर्शन और चुनावी अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा गया था। आज की कार्यकारिणी बैठक उसी अभियान की दिशा तय करने के लिए बुलाई गई थी, जिसमें पार्टी ने बहुजन समाज के हितों की रक्षा, संगठन के विस्तार और सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक में पार्टी ने बहुजन समाज के खिलाफ बढ़ते अपराधों और प्रशासनिक उपेक्षा पर गंभीर चिंता जताई। लोजपा-रामविलास ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की नीतियों में जन-कल्याणकारी योजनाओं से बहुजन समाज को लगातार वंचित किया जा रहा है। इस सामाजिक और प्रशासनिक भेदभाव के खिलाफ पार्टी ने जोरदार संघर्ष छेड़ने का ऐलान किया।
छात्रों से जुड़े मुद्दों पर भी पार्टी ने मुखर रुख अपनाया। बहुजन छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति में कटौती, समय पर भुगतान में देरी और जातिगत भेदभाव जैसे विषयों को लेकर पार्टी ने इसे सामाजिक न्याय के खिलाफ बताते हुए तत्काल समाधान की मांग की। कार्यकारिणी ने निर्णय लिया कि महादलित समुदाय के अधिकार और सम्मान के लिए पार्टी निरंतर संघर्ष करेगी और उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए ठोस कार्यक्रम चलाएगी।
इस बैठक का एक प्रमुख बिंदु आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति रहा। पार्टी ने स्पष्ट कर दिया कि बिहार की सभी 243 सीटों पर वह अपनी निर्णायक उपस्थिति दर्ज कराएगी। संगठन को ज़मीनी स्तर पर सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर प्रशिक्षित करने की योजना को प्राथमिकता दी गई।
बैठक में यह भी दोहराया गया कि लोजपा (रामविलास) सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि सामाजिक न्याय और बहुजन सशक्तिकरण का मजबूत मंच है, जो बिहार के विकास और सम्मान की लड़ाई लड़ रही है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की भूमिका भी बैठक में चर्चा का केंद्र रही। चिराग ने हाल ही में नव संकल्प महासभा में बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। हालांकि, यह अभी तय नहीं हुआ है कि वह किस सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने यह जरूर साफ कर दिया है कि चिराग पासवान किसी आरक्षित सीट से नहीं, बल्कि सामान्य सीट से मैदान में उतरेंगे।
चिराग ने “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” के संकल्प को एक बार फिर दोहराते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि बिहार की राजनीति में नई सोच, नया नेतृत्व और नए विज़न को मौका मिले। उन्होंने भरोसा जताया कि लोजपा-रामविलास राज्य की राजनीति में निर्णायक बदलाव लाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस बैठक को आगामी चुनावों के लिहाज़ से पार्टी की रणनीतिक दिशा तय करने वाला एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
सम्राट चौधरी का ऐलान– हर जनजातीय परिवार को मिलेगा पक्का आशियाना
हमारे न्यूज़ चैनल से जुड़ने के लिए हमे सोशल मीडिया पर फॉलो करे :
Facebook :- https://www.facebook.com/avinationnews
Youtube :- https://www.youtube.com/@Avinationnews
Instagram :- https://www.instagram.com/avinationnews