
बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने युवाओं के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कुल 27 एजेंडों को मंजूरी दी गई, जिनमें सबसे अहम फैसला 27 हजार से अधिक पदों पर भर्ती से जुड़ा रहा। सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने का फैसला लिया है।
इन भर्तियों में सबसे अधिक पद स्वास्थ्य विभाग में हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 20,052 रिक्त पदों को भरने की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, सहायक उर्दू अनुवादक के 3,306 पद, कृषि विभाग में 2,590 पद और मद्य निषेध विभाग में 48 पदों पर भी भर्ती की जाएगी। कुल मिलाकर, ये भर्तियां चुनावी साल में सरकार की एक बड़ी पहल के रूप में देखी जा रही हैं।
नीतीश सरकार के इस फैसले को युवाओं के लिए ‘रोजगार का पिटारा’ कहा जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से सरकारी नौकरियों की मांग कर रहे युवाओं को अब बड़ी राहत मिलने वाली है। सरकार के इस कदम से न केवल सरकारी तंत्र को मजबूती मिलेगी, बल्कि बेरोजगारी की दर में भी गिरावट की संभावना है।
कैबिनेट की इस बैठक में केवल भर्तियों पर ही नहीं, बल्कि मंत्रियों के वेतन और भत्तों में बढ़ोतरी पर भी फैसला लिया गया है। राज्य मंत्रियों और उप मंत्रियों के वेतन में वृद्धि की गई है। अब राज्य मंत्रियों का मासिक वेतन ₹50,000 से बढ़ाकर ₹65,000 कर दिया गया है, जबकि क्षेत्रीय भत्ता ₹55,000 से बढ़ाकर ₹70,000 हो गया है। दैनिक भत्ता भी ₹3,000 से बढ़कर ₹3,500 हो गया है।
वहीं, आतिथ्य भत्ते में भी बढ़ोतरी की गई है। अब राज्य मंत्री को ₹24,000 की जगह ₹29,500 और उप मंत्री को ₹23,500 की जगह ₹29,000 प्रतिमाह आतिथ्य भत्ता मिलेगा।
कुल मिलाकर, नीतीश सरकार की यह कैबिनेट बैठक युवाओं और मंत्रियों – दोनों के लिए राहत और लाभ की खबर लेकर आई है। सरकार का यह कदम आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनता को साधने की एक अहम रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। अब देखने वाली बात यह होगी कि इन भर्तियों की प्रक्रिया कितनी तेज़ी से आगे बढ़ती है और युवाओं को कब तक इन नौकरियों का लाभ मिल पाता है।
राहुल गांधी की हुंकार: बिहार में कांग्रेस की वापसी की तैयारी
हमारे न्यूज़ चैनल से जुड़ने के लिए हमे सोशल मीडिया पर फॉलो करे :
Facebook :- https://www.facebook.com/avinationnews
Youtube :- https://www.youtube.com/@Avinationnews
Instagram :- https://www.instagram.com/avinationnews